ABC News: रामनवमी पर कानपुर के मेस्टन रोड से शोभायात्रा निकाली गई, जिसका जगह जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया. रामलीला भवन से निकाली गई शोभायात्रा को देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में लोग जुटे.
यहां पर भगवान राम की आरती के बाद उन्हें रथ पर विराजमान किया गया. शोभायात्रा में भगवान गणेश, शंकर पार्वती, राधा कृष्ण आदि की आकर्षक झांकियों ने भी अपना आकर्षण बिखेरा.
इसके अलावा पालने में झूलते भगवान राम की झांकी भी सभी का मन मोहती हुई नजर आयी.
इस दौरान प्रभु श्री राम के भजनों की रसवर्षा भी शोभायात्रा मार्ग में होती रही.
श्री राम नवमी महोत्सव समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र विश्नोई ने बताया कि राम मंदिर आंदोलन के समय से यह शोभायात्रा शुरू की गई थी, जोकि राम नवमी पर अनवरत जारी है.

