ABC News: आरटीओ कार्यालय में सोमवार दोपहर प्रशासन और क्राइम ब्रांच की अचानक छापेमारी से हड़कंप मच गया. करीब 60 पुलिस वालों के साथ यहां पर एसडीएम सदर अनुभव सिंह और एडीसीपी आपरेशन सुमित रामटेके ने छापा मारा. छापेमारी से पहले यहां पर ड्रोन से भी निगरानी की गई. अचानक हुई छापेमारी को लेकर यहां पर हड़कंप मच गया और दलालों में भगदड़ मच गई.
इस दौरान, टीम ने आरटीओ कार्यालय और सारथी भवन को जांच के घेरे में ले लिया. दोनों गेट बंद कर परिसर में आवाजाही रोक दी गई. ड्रोन से निगरानी करते हुए करीब 22 संदिग्ध दलालों को पकड़ा. इसके अलावा, अधिकारी कैश का हिसाब भी नहीं दे पाए. एडीसीपी स्पेशल ऑपरेशन सुमित सुधाकर रामटेके ने प्रवर्तन कक्ष में दस्तावेजों की जांच की.
जिला प्रशासन और क्राइम ब्रांच की टीम ने कैश डिपार्टमेंट में छापेमारी की. यहां एक लिपिक के पास 15 हजार रुपए मिले. प्रवर्तन कक्ष में एक लिपिक के पास एक लाख रुपए कैश मिले, वह रूपयों का हिसाब नहीं दे सके. वहीं आरटीओ के आरआई से बंद कमरे में पूछताछ की गई. इसके बाद सारथी भवन में जांच की गई.
एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बताया कि कानपुर नगर के परिवहन विभाग कार्यालय में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं. जांच के जरूरी दस्तावेज, CCTV फुटेज और डिजिटल रिकॉर्डिंग को कब्जे में लिया गया है. संदिग्ध भूमिका वाले 5 से 6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. सभी दस्तावेज और साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. वहीं, हमीरपुर निवासी कामता प्रसाद ने बताया कि शनिवार को उसका 26 हजार 750 रूपए का चालान किया गया था. जब उसने आरटीओ कार्यालय में चालान भरा तो उसे 21 हजार 750 रूपए की रसीद दी गई. पांच हजार रूपए कम मिलने पर अधिकारियों से शिकायत की थी.
एडीसीपी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है.

