ABC News: महिलाओं और किशोरियों में सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौती एनीमिया को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. आर्टिस्ट फॉर हर की अध्यक्ष और सीईओ डॉ. हेमा दिवाकर ने बताया कि एक रिसर्च के अनुसार, अकेले कानपुर में 63 प्रतिशत किशोरियां एनीमिया से पीड़ित हैं. इसके अलावा 15 प्रतिशत से भी कम गर्भवती महिलाएं 180 दिनों तक आयरन-फोलिक एसिड की खुराक लेती हैं.

इसी को लेकर अब कानपुर के ग्रामीण इलाके चौबेपुर और शिवराजपुर के गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. जिसमें एशियन रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट फॉर स्किल ट्रांसफर ने विटामिन एजेंल्स के साथ साझेदारी की है. इस साझेदारी के बाद इन दोनों ब्लॉक की आशा वर्कर और स्टाफ नर्सों को प्रशिक्षित किया गया है. आर्टिस्ट फॉर हर की अध्यक्ष और सीईओ डॉ. हेमा दिवाकर ने बताया कि यहां पर प्रोजेक्ट अम्मा के तहत महिलाओं को जागरूक करने के साथ अन्य कार्य किए जा रहे हैं. विटामिन एंजेल्स के वरिष्ठ क्षेत्रीय तकनीकी निदेशक के डॉ. आशुतोष मिश्रा ने बताया कि एनीमिया सिर्फ एक स्वास्थ्य समस्या नहीं है, बल्कि यह लाखों महिलाओं और लड़कियों के लिए शिक्षा, सशक्तिकरण और समानता में एक बाधा है. ऐसे में स्वास्थ्य कर्मियों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे कि महिलाओं को पोषण युक्त आहार के बारे में बताया जा सके. उन्होंने बताया कि अगले महीने प्रोजेक्ट अम्मा को लॉन्च किया जा रहा है.

