ABC News: कानपुर में सीएमओ के निलंबन के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली में सुधार होते नहीं दिख रहा है. इसका नजारा एक बार फिर डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निरीक्षण में देखने को मिला. डीएम शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधनू पहुंचे और यहां पर औचक निरीक्षण किया.

इस दौरान डीएम को पांच डॉक्टरों समेत 33 स्वास्थ्य कर्मचारी गैर हाजिर मिले. इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की गैर मौजूदगी को लेकर डीएम ने सवाल भी खड़े किए. यही नहीं, जब डीएम यहां के ओपीडी काउंटर पर पहुंचे. तो यहां पर एक प्राइवेट आदमी मरीजों का पर्चा बनाते हुए मिला. इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्राइवेट आदमी के खिलाफ विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए. डीएम की पूछताछ में पता चला कि आरेापी सत्यम अपने दोस्त की जगह यहां पर काम कर रहा था, पूर्व में वह एक प्राइवेट अस्पताल में भी काम कर चुका है.

जांच के दौरान यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि उपस्थिति पंजिका की मॉनीटरिंग एमओआईसी की तरफ से नहीं की जा रही है. इसके अलावा निरीक्षण में यह भी सामने आया कि यहां पर आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का विवरण संजीवनी पोर्टल पर दर्ज नहीं किया जा रहा है. डीएम ने इन सारी स्थितियों पर नाराजगी जताते हुए जांच और शासन को एक्शन के लिए रिपोर्ट भेजने की बात कही है.

