ABC News: लोकसभा में कल पेश होने वाले वक्फ संशोधन बिल को लेकर कानपुर में पुलिस अलर्ट हो गई है. मंगलवार को अलग अलग जोन में डीसीपी की अगुवाई में पुलिस ने दंगा नियंत्रण स्कीम के तहत मॉक ड्रिल करने के साथ ही मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया.

गौरतलब हो कि कानपुर में भी वक्फ संशोधन बिल को लेकर प्रदर्शन हो चुके हैं. अलविदा की नमाज के दौरान हाथों में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन भी किया गया था.

मंगलवार को मॉक ड्रिल और गश्त के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की गई. इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ ही खुफिया को भी सतर्क किया गया. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर शांति और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की गई.

पुलिस अफसरों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

