ABC News: मेस्टन रोड में हुए धमाके के बाद अलर्ट पर चल रही पुलिस ने फजलगंज के गड़रियनपुरवा मेें 60 क्विंटल पटाखे बरामद किए हैं. इन पटाखों को गड़रियनपुरवा की गुरूनानक मार्केट में गोदाम के अंदर जमा कर रखा गया था. एसीपी फजलगंज सुमित रामटेके ने बताया कि गुरु नानक मार्केट में पकड़ा गया अवैध पटाखे का गोदाम गोविंद नगर निवासी हिमांशु का है.
हिमांशू ने इसे तीन साल पहले राजा पासवान नाम के शख्स को किराए पर दिया था. पुलिस के छापे के दौरान यहां पर मकान मालिक और गोदाम को किराए पर लेने वाला शख्स, कोई भी नहीं मिला. एसीपी का कहना है कि उन्हें पिछले तीन दिनों से पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिल रही थी. आज जब एक और ट्रक यहां पर पटाखे लेकर आया तो छापा मारकर माल बरामद किया गया है. पटाखों को बरामद करने के बाद यहां पर फजलगंज से दमकल विभाग को भी बुलाया गया. मौके पर दमकल की एक गाड़ी भी खड़ी करायी गई, जिसके बाद 150 गत्तों में भरी आतिशबाजी को फजलगंज थाने ले जाया गया.
यशोदानगर में गेस्ट हाउस में मिला पटाखों का जखीरा
पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिलने पर नौबस्ता पुलिस ने यशोदानगर में एक गेस्ट हाउस में छापा मारा. मधुवन लॉन गेस्ट हाउस में मारे गए छापे में पुलिस और दमकल विभाग को दो कमरों में पटाखों का जखीरा भरा हुआ मिला. इस दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस के मालिक महेंद्र सिंह यादव को मौके पर बुलाया लेकिन कोई नहीं आया. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गेस्ट हाउस का केयर टेकर भी यहां पर कोई सही जवाब दे पाया और न ही गेस्ट हाउस का संचालन कर रहे हरिओम अवस्थी पटाखों से जुड़े कोई दस्तावेज दे पाए. उन्होंने बताया कि गेस्ट हाउस के आसपास घनी आबादी और विद्यालय है. मामले में एफआईआर दर्ज करने के साथ ही पटाखों का डिस्पोजल कराया जाएगा.

