ABC News: साउथ सिटी में दबंगों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वह अब पुलिस पर हमला करने से नहीं चूक रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बर्रा थानाक्षेत्र से आया, जहां पर बदमाशोेंं के बीच आपसी विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर उन्होंने हमला कर दिया. बदमाशों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करने के अलावा फायरिंग भी की. मारपीट और फायरिंग से यहां पर भगदड़ जैसे हालात बन गए, हालांकि, पुलिस ने काफी सतर्कता का परिचय देते हुए तीन बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ लिया. पकड़े गए बदमाशों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि देर रात पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि बर्रा के वरदान गैलेक्सी होटल के पास दो पक्षों में विवाद हो गया है. इस सूचना पर बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामले का खत्म कर रही थी, तभी उनमें से एक पक्ष उग्र हो गया और उसने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि जिस समय हमला हुआ, उस समय मौके पर करीब आधा सैकड़ा युवक मौके पर थे. बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए उसके साथ न केवल मारपीट की बल्कि एक शख्स ने फायरिंग भी कर दी. जिससे यहां पर भगदड़ जैसे हालात बन गए.इसके बाद पुलिस ने यहां पर भीड़ को तितर बितर किया और भाग रहे आरोपियों में तीन को दौड़ाकर पकड़ लिया. डीसीपी साउथ ने बताय कि पकड़े गए अभियुक्त एच ब्लॉक किदवईनगर निवासी अटल बाजपेयी, बाबानगर नौबस्ता निवासी वैभव तिवारी और देवकीनगर चौराहा, नौबस्ता निवासी अंकित सिंह है. उन्होंने बताया कि मौके से करीब 13 अभियुक्त फरार हुए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. अभियुक्तों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रह चुका है. अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190, 194(2), 352, 351(3), 121(1), 132, 125, 109(1) के अलावा 7 सीएलए Act, 3/25 आर्म्स एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अलावा गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी.

