केडीए ने 72 से ज्यादा डेवलपर्स के खिलाफ दी तहरीर
शहर के बाहरी इलाकों में विकसित की गई हाउसिंग सोसाईटियां
ABC News: लोकसभा चुनावों की आचार संहिता खत्म होने के बाद से अचानक से एक्शन मोड में आये केडीए के रूख से बिल्डरों में हड़कंप मचा है. बीते 15 दिनों में 52 अवैध निर्माण सील करने के बाद अब केडीए अफसरों ने अवैध रूप से प्लॉटिंग कर कॉलोनियां बेचने वाले डेवलपर्स पर एक्शन लिया है. इसी के तहत जोन एक में करीब 72 डेवलपर्स के खिलाफ एफआईआर के लिए केडीए ने विभिन्न थानों में तहरीर भेजी है. बताया जा रहा है कि केडीए के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक साथ 72 डेवलपर्स के खिलाफ केडीए एफआईआर कराने जा रहा है.

आपको बता दें कि मदन सिंह गर्ब्याल ने केडीए उपाध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद से ही एक्शन जारी है. बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान उपाध्यक्ष ने अवैध निर्माणों के खिलाफ गुपचुप रूप से रिपोर्ट जुटाई और जैसे ही लोकसभा चुनावों की आचार संहिता हटी, उसके बाद उन्होंने प्रवर्तन विभाग के ऐसे पेंच कसें हैं, जिसके बाद से ही ताबड़तोड़ सीलिंग की कार्रवाई शुरू हो चुकी है. इसी के तहत केडीए तीन चरणों में अब तक 52 अवैध निर्माण सील कर चुका है. वहीं, अब उन डेवलपर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है, जो अवैध रूप से प्लॉटिंग कर लोगों को उन्हें बेच रहे थे. जिन स्थानों पर यह अवैध प्लॉटिंग कराई जा रही है, उसमें कटरी ख्योरा, बनियापुरवा, कटरी, हिंदुपुर, धरमपुर, प्रतापपुर हरी, चिरान गांव, केडीए ग्रींस के पीछे गंगापुर, डल्लापुरवा बिठूर, प्रतापपुर चिरान रोड, सिंहपुर कछार, वृंदावन धाम सोसाइटी आदि क्षेत्र शामिल हैं.केडीए अफसरों के इस रूख से बिल्डर से लेकर डेवलपर्स में अफरातफरी का माहौल है. क्योंकि इसके पहले केडीए अफसरों की मिलीभगत से कानपुर में जगह जगह अवैध निर्माण तन चुके हैं.अब केडीए अफसर दावा कर रहे हैं कि प्राधिकरण के इतिहास मेें पहली बार इतने डेवलपर्स के खिलाफ एफआईआर के लिए कार्रवाई की गई है.

सनिगवां में अवैध निर्माण किये गए ध्वस्त
अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों के खिलाफ एक्शन के क्रम में केडीए अफसरों ने गुरूवार को चकेरी के सनिगवां में अभियान चलाया. यहां पर केडीए के स्वामित्व की भूमि पर लोगों ने अवैध निर्माण करा लिए थे. केडीए उपाध्यक्ष की सख्ती के बाद इस समय एक्शन मोड में चल रहे प्रवर्तन विभाग के अफसर गुरूवार को सनिगवां में अराजी संख्या 204 और 256 में पहुंचे और यहां पर अवैध कब्जे कर बनाए गए निर्माण को ध्वस्त करना शुरू कर दिया. यह देखकर अवैध निर्माण करने वाले लोगों में खलबली मच गई. दस्ते के साथ चल रही भारी फोर्स को देखते हुए लोग विरोध भी नहीं कर सके. केडीए अफसरों ने बताया कि सनिगवां में अभियान चलाकर छह हजार वर्ग मीटर जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ रूपए है.

