ABC News: सीसामऊ उपचुनाव से पहले यहां के सबसे बड़े पोलिंग सेंटर को लेकर समाजवादी पार्टी ने बड़ा आरोप लगाया है. दरअसल, सीसामऊ में जीआईसी इंटर कॉलेज और जीजीआईसी सबसे बड़ा पोलिंग सेंटर हैं. यहां पर 26 पोलिंग बूथ हैं, जिसमें करीब 27 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.

सपा नेताओं का आरोप है कि मंगलवार को यहां पर पुलिस और प्रशासन ने कर्नलगंज से जीआईसी कॉलेज आने वाले पुराने रास्ते पर गड्ढा खोद दिया है और रास्ते पर मलबा डाल दिया. सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया. सपा विधायक का आरोप है ऐसा करके लोकतंत्र का दमन किया जा रहा है. गड्ढा खोदकर मलबा डालने के अलावा यहां पर पाइप डालकर रास्ता ब्लॉक करने का भी आरोप लगाया गया है. सपा विधायक ने कहा कि ऐसा करके लोकतंत्र का गड्ढा खोदा जा रहा है. सपा विधायक ने कहा कि उन्होने वीडियो बनाकर चुनाव आयोग को भी भेजा है.

