ABC News: डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने किदवई नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और क्षयरोग केंद्र का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डॉक्टर समेत पांच स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए. इस पर जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए.

इसके अलावा प्रभारी चिकित्साधिकारी भी अनुपस्थित रहीं. निरीक्षण के दौरान ओपीडी रजिस्टर की भी जांच की गई. यहां पर 27 मार्च की प्रविष्टियों में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. स्मिता सिंह के हस्ताक्षर दर्ज मिले, जबकि जानकारी दी गई कि वह उस दिन प्रशिक्षण में थीं. डीएम की जांच में सामने आया कि मरीजों का विवरण डॉ. विवेक सोनकर द्वारा अंकित किया गया था. जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच कर एक हफ्ते में रिपेार्ट तलब की है. वहीं, टीबी अस्पताल के निरीक्षण में पांच कर्मचारियों के दूसरी जगह संबंद्ध होने की जानकारी दी गई. इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सीएमओ से दो दिनों में जवाब मांगा है. संबंधित स्टाफ को भी मूल तैनाती स्थल पर भेजने के निर्देश दिए. यहां पर कोविड के समय से बंद केंद्र को दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए.

साढ़ में गौरव मेडिकल सेंटर हुआ सीज
कानपुर के आउटर क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य विभाग किस तरह आंखे मूंदे हुआ है, इसका नजारा साढ़ में देखने को मिला. यहां पर एसडीएम ने जब एक अस्पताल का निरीक्षण किया तो वह न तो नर्सिंग होम के रूप में रजिस्टर्ड मिला और न ही उसके पास मेडिकल स्टोर का लाईसेंस था. एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा की अगुवाई में मारे गए छापे में मेडिकल सेंटर के संचालक गौरव मिले. पूछताछ में गौरव ने स्वयं को फार्मासिस्ट बताया, लेकिन अस्पताल के संचालन से संबंधित वह कोई दस्तावेज नहीं दिखाया. जांच में पाया गया कि मेडिकल सेंटर न तो अस्पताल के रूप में रजिस्टर्ड था और न ही मेडिकल स्टोर का लाईसेंस लिया गया था, जबकि मौके पर मरीजों को भर्ती कर इलाज करने और मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा है. यही नहीं, किसी रजिस्टर्ड डॉक्टर की यहां पर तैनाती भी नहीं पायी गई, मेडिकल सेंटर के संचालन में यहां पर चिकित्सा की गतिविधियां चलते पायी गईं, मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए एसडीएम ने मेडिकल सेंटर को सीज करा दिया.

