ABC News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 12 अक्टूबर को संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा–2025 एवं सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा–2025 का आयोजन किया जाएगा. परीक्षा के सुचारू, नकलविहीन एवं पारदर्शी संचालन को लेकर सोमवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई.

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह-केंद्र व्यवस्थापक और निगरानी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण शुचिता, गोपनीयता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए. डीएम ने कहा कि परीक्षा के तीन दिन पूर्व सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक अपने-अपने केंद्रों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा कर लें. सभी केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बिजली और पेयजल की उपलब्धता रहेगी. बताया गया कि परीक्षा के लिए कानपुर में 39 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 17,688 अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे. परीक्षा दो पालियों में होगी—प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे तक. इसको लेकर 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 39 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 39 सह-केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं. साथ ही परीक्षा केंद्रों पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है. आयोग ने विवेक कुमार श्रीवास्तव, समन्वयक पर्यवेक्षक, को परीक्षा पर्यवेक्षण के लिए नामित किया है.

