ABC News: कानपुर में रिकॉर्डतोड़ बारिश के बाद एक बार फिर से पांडु नदी का जलस्तर अचानक से बढ़ गया है. इसके चलते साउथ सिटी के गोपालपुरम, बनपुरवा, पिपौरी, जरौली फेस वन एक बार फिर से जलमग्न हो गए हैं. पांडु नदी के उफनाने से घरों मेें कैद लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ को यहां पर एक बार फिर से रेस्क्यू आपरेशन चलाना पड़ा है.
शनिवार रात से रविवार दोपहर तक कई लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. बताया जा रहा है कि रात में अचानक से यहां पानी भर गया और कुछ ही घंटों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई. इन जगहों पर बाढ़ का दायरा लगातार बढ़ने पर लोगों को प्रशासन से मदद की गुहार लगानी पड़ी. जिसके बाद एनडीआरएफ यहां पर रेस्क्यू आपरेशन चला रही है. बताया जा रहा है कि दो टीमें एनडीआरएफ की यहां पर लगी हैं.
इसके अलावा पीएसी की टीम ने नई बस्ती मेहरबान सिंह का पुरवा में 15 परिवारों को बाढ़ के बीच से सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. कई परिवार तो अपने बच्चों के साथ रिश्तेदारों के यहां पर चले गए हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक रात में अचानक पानी बढ़ने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला. घरों में पानी भरने से जरूरी सामान निकालने में भी लोगों को परेशानी हुई.
एनडीआरएफ की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के साथ लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी. पांडु नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र पर नजर रखे है.

