ABC News: कानपुर में 11 दिसंबर को 635 जोड़ों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा. सीएसए मैदान में आयोजित होने वाले समारोह को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. जिसका डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को जायजा लिया.

इस दौरान डीएम ने पार्किंग, पेयजल, पंडाल, मंडप, सफाई, सुरक्षा, आवागमन मार्ग एवं बैठने की व्यवस्था मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. आयोजन के लिए नोडल अधिकारियोें को नामित करते हुए समय से सभी कार्य पूरे करने को कहा गया. बताया गया कि 11 दिसंबर को सुबह आठ बजे से कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएंगे. यहां पर आने वाले वर वधू और उनके परिजनों केा असुविधा न हो, इसके लिए जगह जगह बड़े बोर्ड लगाए जाएंगे.

पूरे पांडाल को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जाएगा.डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि सभी जोड़ों की उपस्थिति बायोमेट्रिक/फेस अटेंडेंस के माध्यम से होगी, एक बार बायोमेट्रिक होने पर वर वधू के चिन्हांकन बैंड भी लगाया जाएगा, समारोह में करीब 14 हजार लोग शामिल होंगे.

सर्दियों की पौष्टिक परंपराओं का सामूहिक उत्सव, सजेगा ‘लड्डू बाज़ार’
इसके अलावा 11 दिसंबर को ही सीएसए विश्वविद्यालय के मैदान पर ‘लड्डू बाज़ार’ सजाया जाएगा. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर आयोजित होने वाला ‘लोक परंपरा लड्डू बाज़ार’ प्रातः 10 बजे से शुरू होगा. तिल–गुड़ की सोंधी सुगंध, सौंठ-पंजीरी की गर्माहट, गोंद-मेवा की करारी मिठास और बाजरा–रागी जैसे मिलेट से बने ऊर्जा-वर्धक लड्डुओं की झांकियाँ इस आयोजन को विशिष्ट स्वर देंगी. सर्दियों की पौष्टिक परंपराओं का सामूहिक उत्सव थीम पर आधारित यह लड्डू बाज़ार उन घरेलू व्यंजनों को फिर से केंद्र में लाने का प्रयास है, जो पीढ़ियों से कानपुर के जाड़े की पहचान रहे हैं. लड्डू बाज़ार में स्वयं-सहायता समूह, स्थानीय महिलाएँ और पारंपरिक घरेलू भोजन से जुड़े लोग अपने घरों में बनने वाले विभिन्न प्रकार के लड्डू प्रस्तुत करेंगे. झांकियाँ, स्वाद-विनिमय और सामग्री व विधियों पर संवाद कार्यक्रम को सहभागी और जीवंत बनायेंगे.

