ABC News: नगर निगम कार्यकारिणी ने आखिरकार एक प्रतिशत नामांतरण शुल्क को खत्म कर दिया है. अब कानपुर में किसी भी प्रॉपर्टी का नामांतरण कराने के लिए केवल छह हजार 500 रूपए खर्च करने होंगे. इसमें पांच हजार रूपए नामांतरण शुल्क, एक हजार रूपए आवेदन शुल्क और 500 रूपए विज्ञापन का शुल्क वसूला जाएगा. कार्यकारिणी में मंजूर किए गए फैसलों की जानकारी देते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि कार्यकारिणी के बाद सदन में इस फैसले पर मुहर लगाकर शासन को भेजा जाएगा.
शासन से पूरी प्रक्रिया होते करीब डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है. इसके अलावा कार्यकारिणी में बताया गया कि पनकी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में 25 लाख मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारण के लिए इको स्टैंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को ठेका दिया गया था. सदस्यों ने बताया कि कंपनी काम नहीं कर पायी तो समय और बढ़ाया गया लेकिन कूड़े का निस्तारण नहीं हुआ इस दौरान कंपनी का भुगतान कर दिया गया महापौर ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को आदेश दिए कि इसकी जांच करायी जाए, साथ ही दोषी अफसरों व कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो.जल्द जांच करके रिपोर्ट दी जाए. इसके अलावा डोर टू डोर कूड़ा देने के लिए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी श्योर ट्रेड कंपनी को जिम्मेदारी दी गयी थी.
कंपनी ने केवल दिखावा किया और भुगतान उठा लिया. इस मामले में भी महापौर ने जांच बैठा दी है. महापौर ने बताया कि इसके अलावा फजलगंज में बारातशाला को शहीद गंगू बाबा के नाम पर किया गया है, इसका किराया 21 हजार रूपए रखा गया है. अटल घाट पर पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी की मूर्ति पर छतरी, भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय के बाहर की सड़क पंडित दीनदयाल के नाम पर रखने का प्रस्ताव भी कार्यकारिणी में मंजूर हो गया. वहीं, बैठक में कानपुर में छह जोनों में कितनी बारातशालाएं और कम्युनिटी सेंटर हैं, अधिकारी इसका जवाब ही नहीं दे पाए, जिस पर महापौर ने सभी की रिपोर्ट मांगी है, यहां पर अगर कब्जे हैं तो उन्हें हटाकर टेंडर के जरिए आवंटन को कहा गया है.
‘मंगल भवन’ के रेट तय, शराब और मांस सेवन पर प्रतिबंध
मंगल भवन को लेकर नगर निगम कार्यकारिणी ने इसके दामों को लेकर प्रस्ताव को मंजूर कर दिया है. कार्यकारिणी की बैठक में मंगल भवन को लेकर आए प्रस्ताव की जानकारी देते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारक और दिव्यांगों से यहां पर मांगलिक कार्यों के आयोजन के लिए 11 हजार रूपए लिए जाएंगे. इसके अलावा पांच हजार रूपए सिक्योरिटी मनी जमा करनी होगी. मंगल भवन में मांस और मदिरा के सेवन पर रोक रहेगी और आवेदक को इसके लिए लिखित में अपनी स्वीकृति देनी होगी. इसके अलावा नगर निगम और जलकल विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए 31 हजार रूपए, ईडब्ल्युएस प्रमाण पत्र धारक जिसकी पारिवारिक आय आठ लाख से कम है. उसे 51 हजार रूपए,, वंचित और ईडब्ल्युएस वर्ग के लिए होने वाले सामूहिक विवाह समारोह आयोजन के लिए 11 से 51 हजार रूपए शुल्क लिया जाएगा. महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि दलित और वंचित समाज के लिए उन्होंने जो सपना देखा था. वह पूरा हो गया है. वहीं, इस प्रस्ताव के पास होने के बाद नगर निगम में भाजपा पार्षदों के एक गुट ने महापौर प्रमिला पांडेय का माल्यार्पण करते हुए सम्मान किया.

