ABC News: जीटी रोड पर गोल चौराहा से रामादेवी तक बनने वाली एलीवेटेड रोड का रास्ता साफ हो गया है. इसको लेकर मंगलवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ऐलान कर दिया.

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने परियोजना को मंजूरी देते हुए फोन लेन का कॉरीडोर बनाने के लिए 988.30 करोड़ रूपए की मंजूरी प्रदान करने की भी जानकारी दी.
गोल चौराहा से रामादेवी तक 10.160 किलोमीटर फोन लेन लंबे कॉरीडोर के बनने से जीटी रोड पर लगने वाला जाम लगभग खत्म हो जाएगा. एलीवेटेड रोड को जरीब चौकी क्रॉसिंग पर प्रस्तावित आरओबी से भी कनेक्टिविटी देने की योजना पर भी विचार चल रहा है.
आपको बता दें कि गोल चौराहा से रामादेवी तक जीटी रोड पर करीब 16 रेलवे क्रॉसिंग पड़ती हैं.
ऐलीवेटेड रोड बनने के बाद इन क्रॉसिंगों की वजह से लगने वाला जाम खत्म होने की उम्मीद है.
इसके अलावा कानपुर की अंदरूनी सड़कों पर भी ट्रैफिक लोड कम होने की बात कही जा रही है. इस ऐलान के बाद कानपुर के लोगों ने भी खुशी जाहिर की है.

