ABC News: शीतलहर और गलन से ठिठुर रहे निराश्रित लोगों को राहत देने के लिए एक तरफ जहां रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है, जिसमें ठहरकर निराश्रित आराम कर पाएं लेकिन यहां पर लोगों को ठहराने की एवज में रूपयों की वसूली हो रही है. इसका नजारा डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के घंटाघर रैन बसेरे के निरीक्षण में देखने को मिला.
रविवार सुबह डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह घंटाघर में नव सृजन सोसाइटी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित रैन बसेरे का जायजा लेने पहुंचे. यहां पर पाया गया कि जो मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए, वह संतोषजनक नहीं थी. मौके पर न तो रसोईघर की कोई व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी और शौचालय की सुविधा उपलब्ध मिली. गद्दे, कंबल, दरी और चादर मौजूद तो थे, लेकिन उनकी साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई. इसके अलावा बाल्टी और मग जैसी आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी रैन बसेरे में उपलब्ध नहीं थीं. इस दौरान यहां के रजिस्टर पर दर्ज आंगुतकों के मोबाइल नंबर पर बात की गई तो रात में यहां पर रूके विवेक कुमार ने बताया कि उससे 20 रूपए लिए गए थे. इस पर नाराज डीएम ने केयर टेकर के खिलाफ कार्रंवाई करने और जोनल अधिकारी से खराब पर्यवेक्षण के संबंध में स्पष्टीकरण तलब किया है. रूपयों की वसूली पर केयर टेकर को फटकार भी लगाई गई.

वहीं, शाम को नगर आयुक्त ने इस मामले में रैन बसेरे का संचालन करने वाली संस्थान नव सृजन सोसाइटी प्राइवेट लिमिटेड को काली सूची में डालने के साथ ही यहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए. नगर आयुक्त ने प्रभारी अपर नगर आयुक्त संतोष यादव और जोनल अभियंता आरके तिवारी को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है.

