ABC News: सीसामऊ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में लगातार पांचवे दिन कोई नामांकन नहीं हुआ. हालांकि, नामांकन फॉर्म खरीदने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है,, ऐसे में बाकी बचे तीन दिनों में कलेक्ट्रेट में एसीएम तृतीय की कोर्ट में नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की भीड़ रहने की उम्मीद है.

उपचुनाव को लेकर फिलहाल छाए सन्नाटे के बीच एक तरफ जहां भाजपा प्रत्याशी का इंतजार हो रहा है, वहीं, समाजवादी पार्टी भी फूंक-फूंककर कदम रख रही है, यही वजह है कि मंगलवार को पूर्व विधायक इरफान सोलंकी मां खुर्शीदा सोलंकी ने भी सीसामऊ से नामांकन फॉर्म खरीदा है. आपको बता दें कि इसके पहले इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम भी नामांकन फॉर्म खरीद चुकी हैं और बुधवार को वह अपना पर्चा भी दाखिल कर सकती हैं.

खुर्शीदा सोलंकी के नामांकन फॉर्म लेने की ऐसी है वजह
समाजवादी पार्टी के जानकारों का कहना है कि उपचुनाव को लेकर पार्टी किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती है. यही वजह है कि नसीम सोलंकी के बाद अब खुर्शीदा सोलंकी ने भी नामांकन फॉर्म लिया है. माना जा रहा है इसके पीछे वजह यह है कि अगर नसीम सोलंकी का नामांकन जांच के दौरान किसी वजह से खारिज होता है, तो सेफ चेहरे के रूप में खुर्शीदा सोलंकी रहेंगी और सोलंकी परिवार का चेहर भी इस सीट पर रहेगा. दूसरे विकल्प में अगर नसीम सोलंकी का नामांकन में कोई कमी नहीं दिखती है तो खुर्शीदा सोलंकी अपना नामांकन वापस ले लेंगी. हालांकि, खुर्शीदा सोलंकी अपना नामांकन कब दाखिल करेंगी, इसको लेकर तारीख नहीं बताई गई है

इस बार रजबी रोड पर नहीं होगा चुनाव कार्यालय!
वहीं, सीसामऊ उपचुनाव में पहली बार ऐसा होगा कि सोलंकी परिवार को केंद्रीय चुनाव कार्यालय रजबी रोड पर नहीं होगा. हालांकि, इसको लेकर फिलहाल कोई अपना मुंह नहीं खोल रहा है लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि नसीम सोलंकी का चुनाव कार्यालय इस बार रजबी रोड की जगह ग्वालटोली के पास हो सकता है. इसको लेकर भी तमाम चर्चांएं चल रहीं है

भाजपा से सचिवेंद्र ने किया पर्चा
भाजपा मेें प्रत्याशी के नाम को लेकर चल रही कवायद में मंगलवार को सचिवेंद्र सिंह सेंगर ने सीसामऊ से अपना पर्चा लिया है. वहीं, आजाद समाज पार्टी कांशीराम में दो लोगों ने नामांकन फॉर्म लिए हैं, इसमें मुस्लिम चेहरे के रूप में चांदबाबू और दलित चेहरे के रूप में संदीप भारती शामिल हैं

