ABC News: कानपुर में जर्जर सड़कों की वजह से परेशान लोगों को अगले दो महीनों में राहत मिलने की उम्मीद है. नगर निगम अगले माह से खराब सड़कों की मरम्मत कराने जा रहा है. इसको लेकर 15वें वित्त आयोग में 50 करोड़ की धनराशि का प्रावधान नगर निगम अफसरेां ने किया है.
गौरतलब हो कि बारिश और मेट्रो निर्माण की वजह से कानपुर की अधिकांश सड़कें जर्जर हो चुकी हैं. जीटी रोड, कालपी रोड से लेकर अन्य सड़कों पर जगह जगह गड्ढे हो चुके हैं, जिससे राहगीरों की जान पर खतरा बना हुआ है. बारिश के बाद सड़कों पर फैली बजरी और उड़ती धूल कोढ़ में खाज का काम कर रही हैं. इससे निपटने के लिए नगर निगम ने अपना वर्कप्लान तैयार कर लिया है. नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि सितंबर और अक्टूबर में 50 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण और पैचवर्क किया जाएगा, इसमें जिस सड़क को बनाया जाएगा, वहां पर फुटपाथ और नाली का काम भी होगा. कोशिश इसी बात की है कि त्योहारों से पहले सभी सड़कों पर पैचवर्क करा दिया जाए. नगर निगम के बाद अब सभी की निगाह लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई पर भी लगी है कि वह अपनी सड़कों का निर्माण कब शुरू कराएगा, जिससे गड्ढामुक्त सफर का सपना सच हो सके.

