ABC News: नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में एक बार फिर अधिकारियों और कर्मचारियों की ऐसी लापरवाही उजागर हुई कि महापौर प्रमिला पांडेय बिफर गईं. दरअसल, नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में जब संपत्तियों को लेकर जानकारी हासिल की गई, तो कोई भी अधिकारी उसकी सही जानकारी नहीं दे पाया. इस पर महापौर ने अधिकारियों को फटकार लगाते कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियेां की मिलीभगत से नगर निगम की संपत्तियों पर कब्जे हो रहे हैं.
नवाबगंज में स्लाटर हाउस की जमीन पर इमारत तन गई. रैना मार्केट में जिन दो दुकानों की रजिस्ट्री पूर्व में निरस्त कराई गई थी. उसकी कर्मचारियों की मिलीभगत से फिर रजिस्ट्री हो गई. ऐसे में उन्होंने जवाबदेही तय करने को कहा. महापौर ने कहा कि पीएम और सीएम दोनों आत्मनिर्भर बनने की बात कर रहे हैं लेकिन यहां पर नगर निगम अधिकारियों को अपनी संपत्ति की ही जानकारी नही है. इसी तरह मोतीझील में लगी प्रदर्शनी के किराए को लेकर भी अफसरों पर सवाल उठाए. दरअसल, यहां का टेंडर उठता है लेकिन नगर निगम ने इसे महज 60 हजार रूपए पर प्रदर्शनी संचालक को आवंटित कर दिया.
महापौर ने जांच कराकर संबंधित के खिलाफ एक्शन की बात कही. इसके अलावा चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर का टेंडर उठाने पर स्मार्ट सिटी पर नाराजगी जाहिर की और टेंडर निरस्त कर इसे नगर निगम के हैंड ओवर करने के निर्देश दिए गए. वहीं, नामांतरण मामले को लेकर भी लापरवाही देखने को मिली. आपको बता दें कि पिछली कार्यकारिणी बैठक में केवल छह हजार 500 रूपए नामांतरण शुल्क वसूलने की बात कही गई थी. महापौर ने कहा कि 15 दिन बाद लोग नए नियम के अनुसार नामांतरण शुल्क का रूपया जमा कर पाएंगे. इसके बाद 31 मार्च को फिर से कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है.

