ABC News: कानपुर की सड़कों से लेकर नगर निगम अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फटकार का ऐसा असर दिखा कि पिछले एक वर्ष से ज्यादा समय से क्षतिग्रस्त पड़ी ब्रह्मनगर चौराहा और आसपास की सड़क का रातों रात निर्माण हो गया.
आपको बता दें कि एक दिन पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग में सीएम योगी के नाराजगी जताने के बाद मंडलायुक्त खुद नगर निगम अफसरों के साथ यहां पर पहुंचे थे और तेजी से सड़क निर्माण के निर्देश दिए थे. इसके बाद यहां पर यातायात विभाग ने रूट डायवर्जन लागू किया और रातों रात ब्रह्मनगर चौराहा और आसपास की सड़क का निर्माण हो गया.
इसको लेकर स्थानीय निवासियों में काफी राहत देखी जा रही है. उनका कहना है कि जब से महापौर और पार्षदों के बीच विवाद हुआ था, तब से इस क्षेत्र की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा था.
अभी तक ब्रह्मनगर चौराहे के सुंदरीकरण की तरफ ध्यान नहीं दिया गया लेकिन सीएम योगी की नाराजगी के बाद नगर निगम अफसरों में तेजी आयी और सड़क का निर्माण हुआ.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां पर क्षतिग्रस्त सड़क की वजह से कई लोग चुटहिल हो चुके हैं लेकिन सीएम योगी के हस्तक्षेप के बाद उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही चौराहे का भी सुंदरीकरण होगा.

