ABC News: सरकारी कामों में जिम्मेदार अधिकारी किस तरह से लापरवाही बरतते हैं, इसका नजारा डीएम के निरीक्षण में एक बार फिर सामने आया. कानपुर में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को जब साढ़ थाने के निर्माणाधीन भवन का जायजा लेने पहुंचे, तो पाया गया कि जिस काम को साल 2021 में ही पूरा कर लिया जाना था, वह चार साल बाद भी अधूरा है.

यही नहीं, परियोजना में अब तक आधे से अधिक रकम भी खर्च हो गई लेकिन काम केवल 35 फीसदी ही पूरा हुआ है. इसको लेकर डीएम ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के सहायक अभियंता को फटकार लगाई है. डीएम ने बताया कि सात करोड़ 35 लाख की यह परियोजना वर्ष 2020 में शुरू हुई थी और उसे वर्ष 2021 में पूरा कर लिया जाना था.वर्तमान में केवल सेकेंड फ्लोर की छत का कार्य प्रगति पर है. योजना में चार करोड़ 87 लाख रूपए खर्च भी हो गए लेकिन काम केवल 35 प्रतिशत ही हुआ है. डीएम ने हर हालत में फरवरी 2026 तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं.

डीएम ने यहां पर सिटीजन इंफॉर्मेशन बोर्ड भी लगाने के निर्देश दिए. बताया गया कि परियोजना के तहत पुलिस कर्मियों के लिए छह करोड़ 50 लाख की लागत से आवासीय भवन का निर्माण भी कराया जा रहा है, जोकि पूरा हो चुका है और जल्द ही हैंडओवर किया जाएगा. डीएम ने कार्य की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि इसमें कमी मिली तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर एक्शन लिया जाएगा.

