ABC News: कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में अराजक तत्वों ने मंदिर के अंदर काली माता की प्रतिमा को खंडित कर दिया. बताया जा रहा है कि मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों ने इस दौरान दो अधेड़ व्यक्तियों को मंदिर के अंदर से ही पकड़ लिया. इसके बाद मारपीट कर उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया.
मंदिर के पुजारी पारस ने बताया कि मध्य रात्रि दो अधेड़ व्यक्ति मंदिर के पास मोटरसाइकिल खड़ी करके अंदर चले गए और अन्य देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए तोड़फोड़ कर रहे थे. आवाज सुनकर पुजारी ने अपने साथ रह रहे एक बच्चे को गांव के अंदर भेजा. इसके बाद शोर मचाकर अन्य लोगों को बुला लिया गया. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तोड़फोड़ कर रहे दोनों अधेड़ व्यक्तियों को मंदिर के अंदर ही बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी.
मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की जा रही है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम श्यामनगर निवासी शीतला प्रसाद निषाद और बांसमंडी निवासी शाहिद बताया. इस दौरान ग्रामीणों ने मंदिर में नई प्रतिमा लगवाने की मांग की. एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपी नशे में धुत पाए गए हैं. दोनों आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जा रहा है.

