ABC News: कानपुर में फतेहपुर के कपड़ा व्यापारी के साथ आटो में बैठे बदमाशों ने 50 हजार रूपए की चोरी कर ली. हालांकि, पीड़ित कपड़ा व्यापारी ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक बदमाश को पकड़ लिया लेकिन इतनी देर में बाइक में बैठा उसका दूसरा साथी रूपयों वाला बैग लेकर फरार हो गया. घटना के बाद व्यापारियों ने कलक्टरगंज थाने में हंगामा भी किया.
फतेहपुर के गाजीपुर में रहने वाले कपड़ा व्यापारी मो. हारून ने बताया कि वह बस से टाटमिल चौराहे पर उतरे और वहां से घंटाघर आने के लिए आटो में बैठ गए. इतनी देर में पीछे बैठी सवारी ने बैग को ब्लेड से काटकर उसमें रखे 50 हजार रूपए पार कर दिए. हारून को जब शक हुआ तो उसने आटो को रूकवाया, इतनी देर में पीछे बैठा बदमाश उतरा और आटो के साथ चल रही बाइक में बैठकर भागने लगा. हारून ने तत्परता दिखाते हुए पीछे बैठे बदमाश को सड़क पर गिरा दिया. हालांकि, रूपयों समेत बाइक सवार फरार हो गया, इसके बाद भीड़ ने पुलिस को सूचना दी. यहां पर व्यापारी नेता भी पहुंच गए.
एसीपी कलक्टरगंज आकांक्षा पांडेय का कहना है कि व्यापारी ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है. उसके दूसरे साथी का पता चल गया है. जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर रकम को बरामद किया जाएगा.

