ABC News: कानपुर के नरवल थानाक्षेत्र में आपसी विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई के गड़ासा मारकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया. सूचना मिलते ही एसीपी समेत नरवल थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी हासिल की. पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनाई गई हैं.
बताया जा रहा है कि नरवल के बेहटा गांव निवासी नेकपाल का बड़ा बेटा सर्वेश नशेबाज किस्म का था. नेकपाल का कहना है कि सर्वेश दिन रात नशे में रहता था और अक्सर घरवालों से लड़ाई झगडा करता रहता था. इसकी वजह से वह अपनी पत्नी के साथ दूसरी जगह चले गए थे. सर्वेश कुमार ड्राइवरी भी करता था और एक दिन पहले ही घर आया था.
बताया जा रहा है कि शनिवार को एक बार फिर सर्वेश नशे में आया, इसी दौरान नशेबाजी का विरोध करने पर उसका छोटे भाई पीयूष से विवाद हो गया. इसी बीच मौका पाकर पीयूष ने गड़ासा उठाकर सर्वेश की गर्दन के पास वार किया, जिससे वह वहीं पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया.
बड़े भाई की हत्या करने के बाद आरोपी छोटा भाई फरार हो गया. जैसे ही इस बात की सूचना परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया. घटना की सूचना पाकर एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय समेत फोर्स पहुंचा और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.

