ABC News: कानपुर मेट्रो के कॉरीडोर वन पर नौबस्ता तक टेस्ट रन के बाद अब दूसरे कॉरीडोर पर भी तेजी से काम चल रहा है. सीएसए से बर्रा आठ तक के दूसरे कॉरीडोर पर दो स्टेशन जहां आकार लेने लगे हैं, वहीं पूरे रूट पर आधे से अधिक बल टी-गर्डर्स रखे जा चुके हैं.

मेट्रो अफसरों के अनुसार, लगभग 4.50 किमी लंबे इस सेक्शन के निर्माणाधीन विजय नगर चौराहा और बर्रा-8 स्टेशन पर डबल टी-गर्डर्स के परिनिर्माण (इरेक्शन) का काम पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही इन दोनों स्टेशनों के स्टेशन बॉक्स की रूपरेखा अब आकार लेती दिखने लगी है. मेट्रो अफसरों ने बताया कि कानपुर मेट्रो की एलिवेटेड अवसंरचना में स्टेशन-बॉक्स को आधार देने के लिए डबल टी-गर्डर्स का प्रयोग किया जाता है. कॉरिडोर-2 एलिवेटेड सेक्शन के लिए कुल 141 डबल टी-गर्डर्स प्रस्तावित है, जिनमें से आधे से अधिक का इरेक्शन किया जा चुका है. निर्माणाधीन विजय नगर चौराहा स्टेशन का आधार तैयार करने के लिए कुल 44 और बर्रा-8 स्टेशन के लिए कुल 21 डबल टी-गर्डर्स का इरेक्शन किया गया. इससे पहले जनवरी 2026 में ही इस कॉरिडोर के बर्रा-7 स्टेशन पर भी डबल टी- गर्डर्स के इरेक्शन का कार्य पूरा किया जा चुका है. यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-2 का कार्य इस साल के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा.

