ABC News: कानपुर में दिसंबर के अंत तक सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा. इसके बाद आईआईटी से सेंट्रल स्टेशन आने वाले लोगों को सड़कों पर लगने वाले जाम से नहीं जूझना पड़ेगा. कानपुर में मेट्रो के चल रहे अंडरग्राउंड कार्यों का जायजा लेेने के बाद सांसद रमेश अवस्थी ने यह जानकारी दी.

सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि कानपुर में मेट्रो का काम काफी बेहतर ढंग से चल रहा है. मेट्रो के अफसरों ने सांसद केा बताया कि वर्तमान में आईआईटी से मोतीझील तक मेट्रो दौड़ रही है. मोतीझील के आगे से बेनाझावर में मेट्रो अंडरग्राउंड हो जाएगी और सेंट्रल स्टेशन से होते हुए नौबस्ता तक जाएगी. इसमें सेंट्रल स्टेशन तक टनल निर्माण पूरा होने के साथ अब यहां पर फिनिशिंग कार्य चल रहा है. इस बात की पूरी संभावना जताई गई कि दिसंबर के अंत तक मोतीझील से आगे अंडरग्राउंड होते हुए मेट्रो सेंट्रल स्टेशन तक दौड़ने लगेगी. सांसद ने कहा कि इसकी जानकारी वह सीएम योगी आदित्यनाथ को भी देंगे.

एयरपोर्ट तक संचालन की करेंगे मांग
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि मेट्रो का दूसरा चरण सितंबर 25 तक पूरा हो जाएगा. दूसरा चरण पूरा होने के बाद मेट्रो नौबस्ता तक चलेगी और तीसरे चरण में सीएसए से बर्रा आठ के रूट पर सितंबर 2026 तक काम पूरा होना है. तीन चरण पूरा होने के बाद इसे पनकी इंडस्ट्रियल एरिया से भी जोड़ने पर मंथन किया जाएगा. साथ ही एयरपोर्ट से भी इसकी कनेक्टिविटी की जाएगी. इसके लिए सीएम योगी से मांग की जाएगी कि झकरकटी से एयरपोर्ट तक भी मेट्रो के संचालन को मंजूरी प्रदान की जाए, जिससे एयरपोर्ट आने जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिल सके

