ABC News: कानपुर मेट्रो के अगले चरण में तेजी से काम चल रहा है. साउथ सिटी मे बारादेवी से नौबस्ता तक एक तरफ जहां ट्रैक निर्माण पूरा कर लिया गया है, वहीं अंडरग्राउंड सेक्शन में भी ट्रैक निर्माण का काम तेजी से चल रहा है. गौरतलब हो कि बारादेवी से नौबस्ता तक लगभग 5.3 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है.

बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन के अंतर्गत बारादेवी, किदवई नगर, बसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता – पांच स्टेशन आते हैं. मेट्रो ट्रैक निर्माण के दौरान वायाडक्ट (उपरिगामी पुल) पर 18 मीटर लंबे कुल 1150 रेल (पटरियों) और उन्हें वेल्ड करने के लिए एफबीडब्लू (फ्लैश बट्ट वेल्ड) प्लांट को क्रेन के माध्यम से पहुंचाया गया था. पटरियों की वेल्डिंग के साथ ही निश्चित अंतराल पर ट्रैक स्लैब की ढलाई का कार्य भी समानांतर रूप से बढ़ाया गया, जिसे अब पूरा कर लिया गया है. 5.3 किमी लंबे इस सेक्शन में ट्रैक निर्माण के दौरान ही बारादेवी और नौबस्ता स्टेशनों पर दो-दो नए क्रॉसओवर्स (कुल चार) भी तैयार किए गए. नौबस्ता में तैयार दो क्रॉसओवर्स में से एक ‘सीजर’ क्रॉसओवर है. ज्ञात हो कि सुगमतापूर्वक ट्रेन परिचालन के लिए क्रॉसओवर्स की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. क्रॉसओवर के माध्यम से ही ट्रेनें दिशा या ट्रैक बदल पाती हैं.

मेट्रो ट्रैक की विशेषताएं
कानपुर मेट्रो में ट्रेन परिचालन के लिए बैलास्ट-लेस (गिट्टी-रहित) ट्रैक का प्रयोग होता है. बैलास्ट-लेस ट्रैक में रखरखाव की कम से कम आवश्यकता पड़ती है और इनका जीवन-चक्र भी लंबा होता है. ट्रैक की रेल (पटरियां) हेड हार्डेंड तकनीक से बनीं हैं. ऐसी रेल (पटरियों) का प्रयोग हाई स्पीड फ्रेट कॉरिडोर में भी किया जाता है.

