ABC News: कानपुर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट पर कानपुर सेंट्रल तक अप लाइन के बाद डाउन लाइन तक ट्रैक निर्माण पूरा हो गया है. इसके साथ ही मेट्रो के कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) में कानपुर सेंट्रल तक दोनों लाइनों पर ट्रैक निर्माण हो गया है.
मेट्रो अफसरों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों के अंदर ‘डाउनलाइन‘ पर कानपुर सेंट्रल तक थर्ड रेल लगाने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाएगी. उन्होंने बताया कि बारादेवी-नौबस्ता एलिवेटेड सेक्शन पर भी ट्रैक स्लैब के निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. डाउनलाइन पर पहले मैकरॉबर्टगंज स्थित रैम्प एरिया से नयागंज स्टेशन तक ट्रैक निर्माण पूरा करने के बाद सितम्बर माह में नयागंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन के बीच लगभग 1500 मीटर लंबे स्ट्रेच पर ट्रैक निर्माण आरंभ किया गया था, जो अब पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही अब दोनों लाइनों पर मेट्रो ट्रैक का विस्तार आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक हो गया है. कानपुर सेंट्रल तक अप-लाइन पर ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य अक्टूबर में पूरा हो चुका था. गौरतलब हो कि अगले साल जनवरी में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो अपनी सेवाएं शुरू करने जा रहा है.

