ABC News: कानपुर में भले ही लोग इस इंतजार में हों कि आखिरकार मेट्रो साउथ सिटी में कब दौड़ेगी और सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक सुहाना सफर कब पूरा होगा. इस बीच मेट्रो ने अपने दूसरे कॉरीडोर में भी टेस्ट रन शुरू कर दिया है. मंगलवार को पहली बार काॅरिडोर-2 पर मेट्रो ट्रेन का सफल टेस्ट रन किया.

काॅरिडोर-2 डिपो से शुरू हुई ट्रेन ‘डाउनलाइन’ पर रावतपुर , काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन होते हुए विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप तक पहुंची जहां से उसे वापस काॅरिडोर-2 डिपो लाया गया. इस दौरान यहां पर यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे. बता दें कि मेट्रो का दूसरा कॉरीडोर सीएसए से बर्रा आठ तक है. इस रूट पर भी मेट्रो का कार्य तेजी से चल रहा है. टेस्ट रन के दौरान मेट्रो ट्रेन को मैनुअल मोड में 5 किमी प्रति घंटे की ‘ लो स्पीड ‘ पर चलाया गया. बताया गया कि आगामी चरणों में परीक्षण के दौरान ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) एवं ऑटोमेटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) मोड में भी चलाया जाएगा. इस दौरान ट्रैक, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य प्रणालियों के बीच समन्वय और कार्यक्षमता की जांच की गई.

इस तरह है मेट्रो का कॉरिडोर-2
कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) लगभग 8.60 किमी लंबा है. इसके अंतर्गत लगभग 4.50 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन और लगभग 4.10 किमी लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन है. एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण दो हिस्सों में – सीएसए से कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक तथा विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप से बर्रा-8 तक, किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कुल पांच स्टेशन; एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 हैं. कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में तीन स्टेशन; रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया हैं.

