ABC News: कानपुर मेट्रो के चल रहे अंडरग्राउंड कार्य में चुन्नीगंज-नयागंज सेक्शन के अप-लाइन में थर्ड रेल सिस्टम को इन्स्टॉल करने का काम पूरा हो गया है. आपको बता दें कि थर्ड रेल सिस्टम में पारंपरिक तौर पर प्रयोग होने वाली ओएचई प्रणाली की जगह पर ट्रैक के समानांतर बिछी हुई थर्ड रेल का प्रयोग किया जाता है.

750 वोल्ट डीसी करंट पर चलने वाली कानपुर मेट्रो ट्रेनें परिचालन के लिए इसी थर्ड रेल का उपयोग प्रयोग करतीं हैं. इस सिस्टम का मेंटेनेंस कम होता है क्योंकि ट्रैक के समानांतर बिछे होने की वजह से इसमें पतंगबाजी और अन्य किसी कारण से बिजली की सप्लाई बाधित होने की आशंका नहीं रहती है. इसके अलावा बिजली के तारों का सेटअप भी बाहर से नहीं दिखाई देता है. कानपुर मेट्रो से जुड़े अफसरों का कहना है कि मेट्रो के पहले कॉरीडोर में अब आईआईटी से नयागंज स्टेशन तक कनेक्टिविटी हो गई है. 15 किलोमीटर के इस रूट पर अप लाइन का रास्ता पूरी तरह से तैयार हो गया है. एक-दो दिनों में इस सिस्टम को शुरू किया जाएगा. इसके साथ ही डाउनलाइन पर भी ट्रैक निर्माण के साथ-साथ थर्ड रेल इंस्टॉल करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है. इसके अलावा बारादेवी से नौबस्ता एलीवेटेड सेक्शन में भी तेजी से काम चल रहा है और सीएसए से बर्रा आठ के रूट पर भी दोनों सेक्शन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है.

