ABC News: कानपुर में पहली बार मेट्रो अपने अंडरग्राउंड रूट पर सेंट्रल स्टेशन तक दौड़ी.बिना किसी बाधा के सेंट्रल स्टेशन तक मेट्रो के पहुंचने पर यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अधिकारी और कर्मचारी भी उत्साहित दिखाई दिए. मेट्रो के एमडी सुशील कुमार की मौजूदगी में मोतीझील से सेंट्रल स्टेशन तक पहली बार अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो का टेस्ट रन किया गया.
इस दौरान अप-लाइन और ‘डाउनलाइन‘ दोनों ही लाइनों पर मेट्रो ट्रेन का टेस्ट रन किया गया. आपको बता देें कि अगले साल जनवरी में मेट्रो सेंट्रल स्टेशन तक अपने अंडरग्राउंड रूट पर दौड़ने लगेगी. टेस्ट रन सफल होने के बाद अब इसके ट्रायल रन की तैयारी की जा रही है. गौरतलब हो कि इसके पहले नयागंज स्टेशन तक मेट्रो का टेस्ट रन हो चुका है. इस दौरान मेट्रो ट्रैक के समानांतर लगाए गए थर्ड रेल को भी सेंट्रल स्टेशन तक पहली बार चार्ज किया गया.

बताया गया कि कानपुर मेट्रो ट्रेन के टेस्ट रन के दौरान ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन मोड पर ‘लो’ स्पीड पर चलाया गया. सिग्नलिंग से संबंधित मैप वेरिफिकेशन टेस्ट में ट्रैक के साथ लगे उपकरणों जैसे टीआरए सिग्नल, एक्सेल काउंटर आदि के सॉफ्टवेयर लोकेशन को वास्तविक लोकेशन के साथ वेरीफाई किया गया. आने वाले दिनों में इस प्रक्रिया के परिणामों के अनुसार सॉफ्टवेर को अपग्रेड किया जाएगा. इसके बाद ट्रेन का ’हाई’ स्पीड टेस्ट भी किया जाएगा.

