ABC News: नवरात्र में कानपुर में अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो दौड़ाने की तैयारी कर रहे कानपुर मेट्रो के अधिकारी उत्साहित नजर आ रहे हैं. यात्री सेवाओं को विस्तारित करने से पहले 20 और 21 मार्च को मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त मोतीझील से सेंट्रल स्टेशन तक अंडरग्राउंड रूट और स्टेशन तक जायजा लेंगे. सीएमआरस के निरीक्षण् से पहले यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी सुशील कुमार आकर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी सुशील कुमार ने लगभग 6 किमी. लम्बे मोती झील से कानपुर सेंट्रल तक सेक्शन पर सभी मेट्रो स्टेशनों का निरीक्षण किया. निरीक्षण की शुरुआत कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन से हुई. मेट्रो स्टेशनों का जायजा लेते हुए प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने बताया कि मेट्रो सेवाएं शुरू करने से पहले मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त से एनओसी मिलना आवश्यक होता है. सीएमआरएस के आगमन से पूर्व, उनकी टीम द्वारा निरीक्षण की प्रक्रिया पहले ही आरंभ हो चुकी है.

चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक सभी 5 स्टेशनों पर टनल वेंटिलेशन सिस्टम, एंवॉयरमेंट कंट्रोल सिस्टम, एएफसी सिस्टम, पैसेंजर इंफॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम आदि सभी जरूरी सिस्टम्स और उपकरणों के इंस्टॉलेशन का काम पूरा होने के बाद यात्री सेवाओं के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. सीएमआरएस से एनओसी मिलने के बाद शीघ्र ही मेट्रो की यात्री सेवाओं के विस्तार का शुभारंभ कर दिया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि, चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल में यात्री सेवा के विस्तार से शहर की एक बड़ी आबादी लाभान्वित होगी.

आईआईटी से कानपुर सेंट्रल रूट पर रोजाना कार्यालय, स्कूल और कॉलेज जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए मेट्रो लाइफलाइन साबित होगी. नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा और नयागंज जैसे शहर के मुख्य व्यवयासिक केंद्रों के मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाने से शहर वासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी. शहर के अंदर यात्रा के साथ-साथ शहर के बाहर यात्रा के लिए जाने वाले हजारों लोगों के लिए भी रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन तक का सफर मेट्रो के चलने से आसान हो जाएगा.

