ABC News: कानपुर में एक तरफ जहां मोतीझील से आगे सेंट्रल स्टेशन तक अंडरग्राउंड रूट पर यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है, वहीं दूसरे रूट में भी तेजी से काम चल रहा है. इसी कड़ी में मेट्रो के दूसरे कॉरीडोर में काम कर रही गोमती टीबीएम ने पहली सुरंग तैयार कर ली है. करीब 620 मीटर लंबी इस सुुरंग को अप लाइन पर तैयार किया गया है. इस दौरान यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी सुशील कुमार भी यहां पर मौजूद रहे. मेट्रो अफसरोें ने बताया कि ‘गोमती‘ टनल बोरिंग मशीन ने 15 अक्टूबर को रावतपुर मेट्रो स्टेशन से सुरंग निर्माण का कार्य आरंभ किया था.
यह मशीन कंपनी बाग चौराहा की दिशा में बढ़ते हुए गुरूवार को निर्माणाधीन कॉरिडोर-2 डिपो रैंप के पास रिट्रीवल शाफ्ट तक पहुंची. ’गोमती’ टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम मशीन) के अगले हिस्से में लगा कटरहेड जब धरती को काटते हुए रिट्रीवल शाफ्ट में दाखिल हुआ तो मेट्रो से जुड़े अफसरों से लेकर कर्मचारियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. मेट्रो अफसरों ने बताया कि इस ब्रेकथ्रू के साथ ही ’गोमती’ टीबीएम मशीन ने अपने अंडरग्राउंड टनल निर्माण का पहला पड़ाव पूरा कर लिया है. रिट्रीवल शाफ्ट तक पहुंचने के दौरान मशीन ने कुल 437 रिंग्स लगाए हैं. टीबीएम मशीन को रिट्रीवल शाफ्ट से निकालकर फिर से रावतपुर अंडरग्राउंड स्टेशन में बने लॉन्चिंग शाफ्ट में लोअर किया जाएगा. यहां से यह मशीन काकादेव की दिशा में लॉन्च की जाएगी, जहां काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन होते हुए यह मशीन डबल पुलिया रैंप तक सुरंग का निर्माण करेगी. कॉरिडोर-2 के ‘डाउन-लाइन‘ पर भी आने वाले दिनों में टनल निर्माण शुरू किया जाएगा.

गौरतलब हो कि करीब 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) में 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड और लगभग 4.50 किमी लंबे एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण किया जा रहा है. कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में तीन स्टेशन; रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया होंगे. वहीं, इस कॉरिडोर के एलिवेटेड सेक्शन के स्टेशनों की संख्या पांच होगी, जिनके नाम हैं; कृषि विश्वविद्यालय, विजयनगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8. सीएसए से बर्रा-8 की दिशा में जाने वाली ट्रेन कृषि विश्वविद्यालय के निकट स्थित निर्माणाधीन कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से अंडरग्राउंड टनल में प्रवेश करेगी और रावतपुर, काकादेव व डबल पुलिया अंडरग्राउंड स्टेशन पार करने के बाद बाहर निकलकर विजयनगर चौराहा, शास्त्री चौक और बर्रा-7 होते हुए बर्रा-8 तक पहुंचेगी. रावतपुर स्टेशन कॉरिडोर-1 और 2 को जोड़ने वाला अहम स्टेशन होगा जिसके लिए यहां वर्तमान एलिवेटेड स्टेशन के पास ही इसके अंडरग्राउंड हिस्से के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है.

