ABC News: नए साल पर कानपुर मेट्रो ने अब तक एक करोड़ यात्रियों का आंकड़ा पार कर लिया. एक करोड़ यात्रियों की राइडरशिप को लेकर कानपुर मेट्रो के अधिकारी भी उत्साहित नजर आए. वहीं, नए साल के पहले दिन करीब 35 हजार लोगों ने मेट्रो को अपनी सवारी के रूप में चुना. इसकी वजह यह भी रही कि नए साल का पहला दिन होने की वजह से सड़कों पर काफी जाम था, ऐसे में मेट्रो में सुकून और आरामदायक सफर यात्रियों को काफी भाया.

कानपुर मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष के अवसर पर मेट्रो स्टेशन दिन भर यात्रियों के लिए हॉट स्पॉट बने रहे. मोतीझील, बड़ा चौराहा एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आयोजित पुस्तक मेलों में भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली.

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड ) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि कानपुर मेट्रो को यहां के लोगों का समर्थन मिल रहा है. नए साल में कानपुर मेट्रो की यात्री सेवाओं का विस्तार नौबस्ता तक हो जाने और कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के आरंभ हो जाने के बाद यात्रियों की संख्या में और भी वृद्धि होगी.

गौरतलब हो कि पीएम नरेंद्र मोदी ने इसी साल 30 मई को मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट का शुभारंभ किया था. दूसरे चरण के विस्तार के साथ मेट्रो स्टेशनों की संख्या 9 से बढ़कर 14 हो गई है. मेट्रो अफसरों का दावा है कि आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक जहां पहले सवा घंटे से अधिक समय लगता था, वहीं अब यह दूरी मात्र 27 मिनट में तय की जा रही है. ट्रैफिक जाम से राहत, वातानुकूलित आरामदायक यात्रा और किफायती किराया – इन सभी कारणों से मेट्रो शहरवासियों की पहली पसंद बनती जा रही है.

