ABC News: कानपुर मेट्रो के तेजी से चल रहे कार्य के बीच एक अहम पड़ाव यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने पार किया है. इस पड़ाव के तहत साउथ सिटी में स्वदेशी कॉटन मिल से ट्रांसपोर्टनगर स्टेशन तक अप लाइन टनल का काम पूरा हो गया है. करीब 330 मीटर टनल का निर्माण करने के बाद गुरूवार को आजाद टीबीएम ने ब्रेकथ्रू हासिल कर लिया.

गौरतलब हो कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी – नौबस्ता) में इस समय तेजी से कार्य चल रहा है. इसमें साउथ सिटी में स्वदेशी कॉटन मिल के पास से रैंप एरिया से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक करीब 2.40 किमी. लंबी टनल बनायी जानी है. इसी कड़ी में गुरूवार को आजाद टनल बोरिंग मशीन ने अप-लाइन पर लगभग 330 मीटर लंबे टनल का निर्माण पूरा कर ब्रेकथ्रू हासिल किया. मेट्रो अफसरों ने बताया कि डाउन लाइन पर विद्यार्थी टीबीएम भी तेजी से टनल के निर्माण में जुटी है. अपलाइन पर टनल निर्माण के इस सफर में आजाद टीबीएम ने कुल 233 रिंग्स लगाए और लगभग 330 मीटर लंबे टनल का निर्माण पूरा किया. आपको बता दें कि वर्तमान में आईआईटी से मोतीझील तक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है. इसके आगे मेट्रो अंडरग्राउंड रूट पर आएगी. लगभग 8.20 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन में चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज, कानपुर सेंट्रल, झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर मिलाकर कुल 7 अंडरग्राउंड स्टेशन हैं. मैकरॉबर्टगंज स्थित रैंप एरिया से कानपुर सेंट्रल तक टनल निर्माण की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद अब स्वदेशी कॉटन मिल के पास स्थित रैंप एरिया से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक लगभग 2.40 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड स्ट्रेच में टनल का निर्माण किया जा रहा है. इसी स्ट्रेच में ट्रांसपोर्ट नगर और झकरकटी स्टेशन भी पड़ते हैं.

समय की बचत के लिए ड्रैगिंग प्रणाली का उपयोग
ट्रांसपोर्ट नगर स्टेशन पहुंचने के बाद आजाद टीबीएम को ‘ड्रैगिंग प्रणाली’ का उपयोग करते हुए स्टेशन के अंदर एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचाया जाएगा, जहां से यह दोबारा टनल निर्माण के लिए झकरकटी स्टेशन की दिशा में लॉन्च कर दी जाएगी. यह मशीन जमीन के अंदर ही अंदर टनल निर्माण करते हुए कानपुर सेंट्रल के रीट्रीवल शाफ्ट तक पहुंचेगी. आमतौर पर मशीनों को अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के अंदर से ड्रैग नहीं किया जाता, बल्कि स्टेशन के छोर पर रिट्रीवल शाफ्ट तैयार कर बाहर निकाला जाता है और फिर दूसरे छोर पर बने लॉन्चिंग शाफ्ट से दोबारा लॉन्च किया जाता है. ड्रैगिंग प्रणाली के उपयोग से समय की बचत होगी.

