ABC News: सड़कों के पैचवर्क में किस तरह से घटिया निर्माण किया जा रहा है. इसका नजारा जरीब चौकी से संगीत टॉकीज जाने वाली रोड पर महापौर प्रमिला पांडेय ने देखा. दरअसल, महापौर यहां पर किसी कार्यक्रम में जा रही थीं, तभी कुछ स्थानीय लोगों ने यहां पर उनसे घटिया पैचवर्क की शिकायत की.
इस पर नाराज महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम में फोनकर अधिकारियों को तलब कर लिया. अधिकारियेां ने बताया कि इस सड़क पर पैचवर्क लोक निर्माण विभाग ने किया है. इसके बाद नाराज महापौर ने यहां पर सड़क पर पड़ी बजरी को किनारे कराया. महापौर ने खुद अपने पैर से पैचवर्क को उखाड़ कर इसके निर्माण की हकीकत को सामने रखा.
महापौर ने यहां पर सड़क निर्माण में उपयुक्त हुई सामग्री के सैंपल लेकर इसकी जांच आईआईटी से कराने की बात कही है. यही नहीं, महापौर ने पीडब्ल्यूडी के अभियंता को फोन पर जमकर फटकार लगाई और इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से करने की चेतावनी दी. महापौर का कहना है कि दूसरा विभाग घटिया निर्माण कराता है लेकिन लोग समझते हैं कि यह नगर निगम करा रहा है, ऐसे में उन्होंने कहा कि अगर कहीं पर ऐसा होते मिले तो लोग उन्हें सीधे जानकारी दे सकते हैं. महापौर ने कहा कि घटिया निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री को जानकारी दी जाएगी.

