ABC News: मोहर्रम और सावन में सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक कर रही महापौर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नाराज देखी गईं. नगर निगम में हुई बैठक में महापौर ने उर्सला अस्पताल में गंदगी को लेकर दो टूक कहा कि वहां का काम जिस कंपनी के पास हो, उसे हटा दिया जाए. नगर आयुक्त को भी संबंधित कंपनी को तत्काल सस्पेंड करने के निर्देश दिए.

महापौर ने अफसरों से स्पष्ट कहा कि किसी की लापरवाही नहीं चलेगी, यह नगर निगम है कोई क़ूड़ाघर नहीं. बैठक में महापौर ने कहा कि शहर में 44 कब्रिस्तान हैं. मोहर्रम को देखते हुये यहां विशेष सफाई रखी जाये.इसको लेकर सभी जोनल अफसरो को उन्होंने निर्देश दिए. इसी तरह सावन के पूरे महीने शिवालयों के आसपास सफाई दुरूस्त रखने के निर्देश दिए. आनंदेश्वर मंदिर परमट में आने वाली भीड़ को देखते हुए यहां पर पर्याप्त इंतजाम और सफाई कर्मियों की तैनाती को कहा. एक महीने तक निरंतर सफाई अभियान चलाने को कहा गया. बैठक में महापौर ने अधिकारियों से कहा जहां खुदाई की जरूरत हो वहीं पर की जाए. नगर आयुक्त को भी सभी विभागों ओर मेट्रो अधिकारियों को बुलाकर बैठक करने के निर्देश दिए.

