ABC News: कानपुर में मंगलवार सुबह तीन मंजिला फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लग गई. सुबह जिस समय बारिश हो रही थी, उस समय फर्नीचर शोरूम में उठती भीषण आग की लपटें देखकर यहां पर रहने वाले भी सहम गए. देखते ही देखते आग ने सभी मंजिल को अपने चपेट ले लिया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद यहां पर लगी आग पर काबू पाया.
बताया जा रहा है कि गोविंदनगर फर्नीचर मार्केट में श्याम लाल कुकरेजा की बिल्डिंग में गौरव भसीन ने किराए पर अपना फर्नीचर शोरूम खोला था. बिल्डिंग के फर्स्ट और थर्ड फ्लोर पर उन्होंने गोदाम बना रखा है, जबकि सेकेंड फ्लोर पर शोरूम है.स्थानीय लोगोें के अनुसार, सुबह करीब साढ़े पांच बजे शोरूम के सामने लगे खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया. इसी इमारत के बेसमेंट में मकान मालिक श्यामलाल कुकरेजा का इलेक्ट्रिकल का सामान रखा था.
हालांकि बेसमेंट तक आग नहीं पहुंच सकी. आग की वजह से बिल्डिंग के तीन फ्लोर जलकर पूरी तरीके खाक हो गए. आग लगने से करीब दो करोड़ का फर्नीचर का सामान जलकर राख हो गया. सूचना पर दमकल की आठ गाडियां मौके पर पहुंची. राहत कार्य में दिक्कत न हो, इसके लिए पुराने गोविंदपुरी पुल पर यातायात बंद कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
इस बीच, आग की सूचना पर अन्य कारोबारी भी यहां पर पहुंच गए, सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि आठ गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया है.

