ABC News: कानपुर के बाबूपुरवा में साइकिल गद्दी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में कारखाने में रखे सामान को उसने अपनी चपेट में ले लिया. तंग गलियों के अंदर लगी आग से आसपास हड़कंप मच गया. आग जिस मकान में बने कारखाने में लगी, वह बाबूपुरवा ईदगाह स्थित शिफा मस्जिद के पास रहने वाले शमशाद का है.

100 वर्ग गज के इस मकान में ग्राउंड फ्लोर पर साइकिल गद्दी का कारखाना चलता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनका परिवार रहता है. सोमवार को कारखाना बंद था. दोपहर करीब 3 बजे शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने कारखाने में रखे सामान को चपेट में ले लिया. कारखाने से ऊंची लपटें उठने लगीं और आग तीन मंजिला मकान तक पहुंच गई.

यह देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना देकर उसे बुझाने की कोशिश की. थोड़ी ही देर में किदवई नगर, फजलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.

दमकलकर्मियों ने कारखाने का शटर तोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुलिस के अनुसार, आग पर पूरी तरह से काबू पाया लिया गया है, एहतियात के तौर पर आसपास के मकान खाली करा लिए गए थे.

