ABC News: कानपुर में नवंबर के महीने में जब लोगों के शरीर पर गर्म कपड़े देखे जाते थे, वो इस बार नदारद दिख रहे हैं. खासतौर पर दिन के समय जिस तरह से मौसम गर्म हो रहा है, वह बिल्कुल मार्च जैसी गर्मी का एहसास करा रहा है. सोमवार को कानपुर का तापमान और ज्यादा बढ़ गया.

सीएसए के मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस रहा. इसी तरह न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि इस बार प्रशांत महासागर काफी गर्म देखा जा रहा है. अलनीनो का भी असर देखा जा रहा है. जिसकी वजह से इस तरह का मौसम दिख रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे दिन का तापमान भी गिरेगा. इसके अलावा इस बार पोलर वर्टिक्स की ताकत भी कम हुई है, जिससे इस बार गलन वाली ठंड भी कम दिनों के लिए पड़ेगी, तापमान में उतार चढ़ाव इसी तरह जारी रहेगा.

