ABC News: कानपुर में जाम की समस्या के समाधान के रूप में देखे जा रहे अनवरगंज मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का कार्य नवंबर के अंत में या दिसंबर के शुरूआत में शुरू हो सकता है. इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों ने डीएम महेंद्र सिंह तंवर के साथ बैठक में दी.

रेलवे अधिकारियों का कहना है जब परियोजना पूरी हो जाएगी तो मंधना रेलवे स्टेशन, इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन भी बन सकता है. ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता एवं यातायात सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर बैठक में चर्चा की गई. डीएम ने मंधना रेलवे स्टेशन के बाहर जगह चिंह्ति कर व्यवस्थित पार्किंग सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए. इसके अलावा, जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप कुमार की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई एवं ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की. यह समिति मंधना का संयुक्त सर्वे करेगी और पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों को चिंह्ति कर रिपोर्ट देगी.

जिलाधिकारी ने कहा कि मंधना रेलवे स्टेशन पर भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं का समग्र विकास प्राथमिकता के साथ किया जाए. पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ऐसी सुविधाएं विकसित करें, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर आवागमन में अधिक सुविधा एवं सुगमता प्राप्त हो. इसके अलावा बैठक में कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के बीच में स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए. उन्होंने संबंधित जोनल अधिकारी को क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में दो दिवस में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.

