ABC News: कानपुर आए राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने युवाओं से ज्यादा से ज्यादा ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया है. उन्होंन कहा कि ज्ञान और टेक्नोलॉजी के दम पर ही देश को आगे ले जाया जा सकता है.

कानपुर में चल रहे मेट्रो के कार्य को देखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अभी जो मेट्रो के पिलर होते हैं, उनमें दो पिलर की दूरी 30 मीटर की होती है लेकिन मलेशिया की तकनीक से अब यह दूरी 120 मीटर की होगी. जब उन्होंने पीएम मोदी को यह बात बताई तो उन्होंने अरबन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को भेजा. इसके बाद भारत में भी मेट्रो के दो पिलर की दूरी 120 मीटर की गई. इसका नतीजा यह हुआ कि देश को 40 हजार करोड़ की बचत हुई है. बृहस्पति महिला महाविद्यालय किदवईनगर के दीक्षांत समारोह में उन्होंने युवाओं को ज्ञान और टेक्नोलॉजी की ताकत के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि नॉलेज के जरिए ही टेक्नोलॉजी को हासिल किया जा सकता है. भारत का यह सौभाग्य है कि यहां पर सबसे ज्यादा युवा हैं और वह अपनी नॉलेज और टेक्नोलॉजी पॉवर को भी आगे बढ़ा रहे हैं. ऐेसे में निरंतर सीखने की कला को सभी को अपने अंदर विकसित करना होगा.

लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का हवाई मुआयना किया
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कानपुर में सचेंडी अंडरपास का उद्घाटन किया. उन्होंने अहिरवा एयरपोर्ट से ही वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसका लाइव टेलीकास्ट अंडरपास में किया गया. बताया गया कि ग्रामीणों और वाहन चालकों ने इस अंडरपास के बनने से काफी ज्यादा राहत मिलेगी. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, यह अंडरपास 22 करोड़ रुपये से बनवाया गया है. अंडरपास 30 मीटर चौड़ा और साढे़ पांच मीटर ऊंचा है, जिससे ट्रक, ट्राला आदि आसानी से मुड़कर निकाल सकेंगे. इसका निर्माण कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग में सचेंडी गांव के सामने किया गया है. इसके बाद कानपुर से लखनऊ जाते समय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने विशेष विमान से लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का भी मुआयना किया. आपको बता दें कि लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड हाइवे का काम 85 प्रतिशत तक पूरा हो गया है. इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य मार्च तक पूरा होने की उम्मीद है. यहां अप्रैल माह से हल्के वाहनों का ट्रायल एलिवेटेड हाइवे पर शुरू हो जाएगा.पहले प्रयोग के तौर पर हल्के वाहन बाइक और कार फर्राटा भर सकेंगे. ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि इस हाइवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से वाहन दौड़ सकेंगे. इस हिसाब से लखनऊ से कानपुर की दूरी पूरी करने में 35 मिनट का समय लगने का दावा है. इस दौरान सांसद रमेश अवस्थी भी केंद्रीय मंत्री के साथ मौजूद रहे.

