ABC News: कानपुर में खराब सड़कें और जगह जगह जलभराव को लेकर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. मकड़ीखेड़ा, उजियारीपुरवा में जलभराव और मैनावती मार्ग के गड्ढों में तब्दील हो जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लगातार बारिश की वजह से जिस तरह से मकड़ी खेड़ा में जलभराव की समस्या बनी हुई है.
उसने नगर निगम अधिकारियों के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींची हुई है. मैनावती मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि कई महीनों से यहां की सड़क खुदी पड़ी है. बारिश के बाद यहां की स्थिति पूरी तरह से नारकीय हो गई है. जनप्रतिनिधि से लेकर अफसर कोई यहां का हाल नहीं ले रहा है.
इससे मैनावती मार्ग से सिंहपुर तक का रास्ता काफी मुश्किलों भरा हो गया है. बच्चों के स्कूल से लेकर लोगों का दफ्तर जाना काफी दुरूह कार्य हो गया है. इस बीच, मकड़ीखेड़ा में जलभराव की समस्या का नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने भी निरीक्षण किया.
जोनल अभियंता आरके सिंह ने बताया कि मकड़ीखेड़ा मुख्य मार्ग से 15 फुट नीचे बसा है.नाले के बेसिन में होने से यहां पर जलभराव की समस्या है. नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर एक और पंप लगाकर जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए हैं.

