ABC News: कानपुर में एक मुकदमे की गवाह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी इरफान के पैर में गोली लगी है. आपको बता दें कि एक दिन पहले सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र की एक नहर में विमल नाम के शख्स का शव मिला था.
परिजनों ने यहां पर रहने वाले इरफान और उसके साथियोें पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया था. विमल के अपहरण की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिली थी. इस हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को सूचना मिली कि अपहरण और हत्या का मुख्य आरोपी इरफान रमईपुर रोड से जा रहा है. इस पर एडीसीपी, एसीपी घाटमपुर के साथ फोर्स सक्रिय हुई. डीसीपी साउथ ने बताया कि चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इरफान के पैर में गोली लगी. पुलिस ने मौके से उसके साथी रोहित उर्फ बबलू को भी गिरफ्तार किया है. पूछताछ में इरफान ने बताया कि विमल एक पुराने मुकदमे का मुख्य गवाह था. इस मुकदमे की अगली सुनवाई 12 जुलाई को होनी थी. इसलिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विमल की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया.

