ABC News: आषाढ़ सूदी दूज पर भगवान जगन्नाथ जब अपनी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के साथ नगर भ्रमण करने निकले तो आसमान से हर तरफ उनके रथ पर पुष्पवर्षा की जाती रही. यह नजारा कानपुर के जनरलगंज से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में दिखाई दिया.

सुबह मंगला आरती के बाद जनरलगंज स्थित बाईजी का मंदिर, बिरजी भगत मंदिर और उमा जगदीश मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए. भगवान के दर्शन करने के साथ उन्हें आम, जामुन, दाल आदि का भोग चढ़ाकर सुख समृद्धि की कामना की गई. शाम को बाईजी का मंदिर से गाजे बाजे के साथ रथयात्रा निकाली गई. रथयात्रा निकालने से पहले बाई जी के मंदिर से महाप्रभु के विग्रह को रजत सिंहासन पर विराजमान बाहर निकाला गया.

जैसे ही सुभद्रा और बलभद्र के साथ महाप्रभु जगन्नाथ अपने रथ पर सवार हुए, हर तरफ सिर्फ जय जगन्नाथ का उद्घोष ही गूंजता हुआ नजर आया. मंदिर परिसर से मुख्य सड़क तक आने पर कई जगह भगवान का रथ बिजली और केबिल के तारों में उलझता हुआ दिखाई दिया. हालांकि यहां पर पहले से ही मौजूद सेवादारों ने तारों को अलग कर रथ को निकाला. इस रथयात्रा में 18 मंडल विभिन्न वाद्य यंत्र बजाते हुए चले. इसके अलावा रथयात्रा में तरह तरह की झांकियों का आकर्षण देखने को मिला.

महाप्रभु के रथ पर बैठे पनकी मंदिर के महंत जितेंद्र दास और कृष्णदास श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण करते रहे. गाजे बाजे के साथ रथयात्रा जिधर से निकली, वहीं पर महाप्रभु के रथ को खींचने की होड़ देखी गई. यही नहीं, मंडल के कार्यकर्ता महाप्रभु के रथ के आगे लगातार झाड़ू भी लगाते रहे.

