ABC News: सीसामऊ विधानसभा उपचुनाव से पहले सपा में बड़ी महाभारत सामने आयी है. विधानसभा चुनाव को लेकर बुलाई गई बैठक में सपा नेता आपस में ही भिड़ गए और एक दूसरे पर जमकर आरोप लगाए.

बताया जा रहा है कि सीसामऊ उपचुनाव को लेकर बुलाई गई समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल आए हुए थे, इस बैठक में विधायक अमिताभ बाजपेयी, मो. हसन रूमी के अलावा प्रत्याशी नसीम सोलंकी और अन्य सपा नेता मौजूद थे. इसी बीच, जब नगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद का नंबर आया, तो उन्होंने दोनों विधायकों की भूमिका पर सवाल उठा दिए और चुनाव को लेकर दोनों विधायकों पर सवाल खड़े कर दिए.

जैसे ही फजल महमूद ने यह आरोप लगाए, वैसे ही यहां पर मौजूद विधायक अमिताभ बाजपेयी और मो. हसन रूमी भड़क गए. बात तमीज से बात करने तक आ गई. इस बीच, कुछ लोग आगे बढ़े तो विधायक रूमी बोल पड़े कि इनके गुंडे मारने आ रहे है. इस पर दोनों विधायकों के गनर बीच में आए और अन्य लोगेों ने दोनों के समर्थकों को शांत कराया.

गौरतलब हो कि सपा के अंदर चल रही गुटबाजी एक ऐसे समय सामने आयी है, जब पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम खुद चुनाव मैदान में हैं और सपा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है. संगठन और विधायकों के बीच सामने आयी इस गुटबाजी ने सपा की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

