ABC News: आमतौर पर यह सुनने में आता है कि कभी तकनीकी खराबी तो पटरी पर जानवर आने आदि से ट्रेन एक ही जगह पर काफी देर तक खड़ी रही लेकिन कानपुर में एक ऐसा वाक्या सामने आया है, जिसमें एक लहंगे की वजह से वंदेभारत एक्सप्रेस जैसी ट्रेन को करीब 20 मिनट तक रोक दिया गया.

यह वाक्या और कहीं नहीं, बल्कि शांतिनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ. बताया जा रहा है कि नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंची थी. कुछ देर बाद ट्रेन प्रयागराज के लिए रवाना हुई और स्टेशन से करीब एक किलोमीटर आगे शांति नगर क्रॉसिंग पर पहुंची, तो ट्रेन के ड्राइवर ने देखा कि ओएचई लाइन के तारों में कोई कपड़ा फंसा था और वहाँ से धुंआ उठ रहा था. स्थिति को देखते हुए, ड्राइवर ने तुरंत ट्रेन रोक दी और कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी. कंट्रोल रूम को जैसे ही जानकारी मिली, कानपुर सेंट्रल के स्टेशन अधीक्षक अवधेश त्रिवेदी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. रेलवे इलेक्ट्रिक स्टाफ ने देखा कि ओएचई के तारों में एक लहंगा फंसा हुआ था, जो संभवतः किसी घर की छत से उड़कर वहां जा लटका था. आपको बता दें कि शांति नगर क्रॉसिंग के आसपास कई ऊंची इमारतें हैं और वहां रहने वाले लोग अक्सर कपड़े बाहर सूखने के लिए डालते हैं. कयास लगाया जा रहा है कि तेज हवा के कारण लहंगा उड़कर सीधे ट्रेन की ओएचई लाइन में जा फंसा, जिससे ट्रेन को रोकना पड़ा. रेलवे के इलेक्ट्रिक स्टाफ ने तुरंत ओएचई लाइन से लहंगे को निकाला और फिर वायर की स्थिति की जांच की. इस दौरान करीब 20 मिनट तक वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन वहां पर रूकी रही.

