ABC News: जाजमऊ पुलिस ने एक ऐसा वाहन चोर गिरफ्तार किया है, जो न केवल शातिराना अंदाज में गाड़ियों की चोरी करता था बल्कि कबाड़ियों की मदद से उन्हें बेच भी देता था. यह शातिर और कोई नहीं बल्कि पुलिस विभाग से बर्खास्त हुआ सिपाही है. बर्खास्त हुए इस सिपाही ने कारों को चोरी करने का तरीका भी किसी उस्ताद से नहीं बल्कि यूट्यूब देखकर सीखा और उसके बाद कार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लगा.

डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जाजमऊ पुलिस ने परवेज अहमद और समीउल्ला खां को गिरफ्तार किया है. इसमें परवेज अहमद पुलिस विभाग से बर्खास्त सिपाही है. झांसी के अलावा यह कानपुर में भी विभिन्न् थानों में तैनात रह चुका है. परवेज के ऊपर कानपुर, झांसी, नैनीताल में 20 से ज्यादा मुकदमें भी दर्ज हैं. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि जाजमऊ, कैंट और आसपास के इलाके में हर 20 से 25 दिन में कार चोरी हो रही थीं, इस पर जब एसीपी कैंट ने मामले की तफ्तीश की, तो आपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए कैमरे भी मददगार साबित हुए. वाहन चोरी की एक वारदात पर जब कैमरों की जांच की गई तो वाहन चोर नौबस्ता तक जाते हुए मिला. इसके बाद जिस गली में वह गया, वह आगे से बंद थी. पुलिस ने जब यहां गहनता से छानबीन की, तो वाहन चोर का पता लगा. जिस मकान में खुद को क्राइम ब्रांच का सिपाही बताकर परवेज अहमद रह रहा था, वहां से पुलिस को स्कैनर, मॉनीटर, भारी मात्रा में चाभियां समेत अन्य सामान बरामद हुआ है.

इसके अलावा चार कारें, 11 नंबर प्लेट आदि भी बरामद हुई हैं. आरोपी परवेज के बारे में डीसीपी पूर्वी ने बताया कि वह दिनभर सोता था और रात में अपनी स्कूटी या कार से अकेले निकलता था, अपनी गाड़ी को दूर खड़ी कर जिस कार को चुराना होता था, उसकी चोरी करने के बाद फिर ई रिक्शा से दूर खड़े अपने वाहन को ले जाता था. आरोपी इतने शातिर थे कि मास्क व सिर पर कैप लगाकर अपनी पहचान छिपा लेते थे. आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने के साथ उन्होंने कहा कि यह गैंग बहुत बड़ा लगता है, पुलिस टीमें जांच कर रही हैं, पूरे गैंग के नेटवर्क का जल्द खुलासा किया जाएगा.

