ABC News: जेईई एडवांस 2025 में कानपुर के कुशाग्र बैंगाहा ने ऑल इंडिया 188 रैंक हासिल की है. कुशाग्र की इस सफलता से उसके टीचर से लेकर पैरेंट्स तक सभी उत्साहित दिखाई दिए. मूल रूप से बांदा के रहने वाले व्यापारी अशोक कुमार गुप्ता के पुत्र कुशाग्र बैंगाहा ने बताया कि उसने नियमित रूप से स्कूल जाने के अलावा कोचिंग में पढ़ाए जाने वाले विषय पर ध्यान दिया.

इसके बाद नोट्स को रिवाइज़ करना उसके रूटीन में शामिल रहता था. रोजाना कम से कम सात से आठ घंटे की वह सेल्फ स्टडी करता था. कुशाग्र ने पहली बार में ही इस सफलता को हासिल किया है. कुशाग्र ने कहा कि जो भी मुझे पढ़ाया गया मैंने उसको फॉलो किया. रोजाना करीब 7 से 8 घंटे पढ़ाई करता था, जिस दिन क्लास नहीं होती थी उस दिन 9 से 10 घंटे की पढ़ाई होती थी. बताया गया कि कुशाग्र के हाईस्कूल में 96.8 प्रतिशत अंक आए थे तो वहीं इंटर में 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किया था. कुशाग्र ने बताया कि उसने कक्षा 11 से ही जेईई की तैयारी करनी शुरू कर दी, जो चीजें क्लास में पढ़ाई जा रही थी उन्हीं से संबंधित जेईई की तैयारी भी होती थी.

कुशाग्र के परिवार में मां कंचन गुप्ता हाउस वाइफ है और बड़ी बहन सुप्रिया बैंगाहा गुडगांव में इंजीनियर है. उससे छोटी वाली बहन संगनी बैंगाह भी प्रयागराज में इंजीनियर है. कुशाग्र ने कहा कि मेरी पहली पसंद है कि मैं IIT दिल्ली से आगे की पढ़ाई करूं. यदि वो नहीं मिलता है तो फिर मैं IIT कानपुर से पढ़ाई करना चाहुंगा. कुशाग्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार को शिक्षण संस्थान के टीचरों को दिया है. आगे चलकर कॉरपोरेट इंडस्ट्री में नाम कमाने की इच्छा कुशाग्र की है.

