ABC News: दो मार्च से शुरू हो रही कानपुर प्रीमियर लीग के मैच शेड्यूल का ऐलान हो गया है. बेनाझावर स्थित होटल में आयोजित समारोह में पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने लॉटरी से मैच शेड्यूल को निकाला. शेड्यूल के तहत दो मार्च को केपीएल का सबसे पहला मुकाबला गंगा बिठूर और सीसामऊ सुपर किंग्स के बीच आयोजित होगा.

इस दौरान यहां पर केपीएल चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, केपीएल के सभी फ्रेंचाइजी ओनर और अन्य लोग मौजूद रहे. गौरतलब हो कि देश में जिला स्तर पर पहली बार आयोजित हो रही कानपुर प्रीमियर लीग में विधानसभाओं के हिसाब से छह टीमें हैं. इन टीमों में गंगा बिठूर लीजेंड्स, सीसामऊ सुपर किंग्स, मयूर मिरेकल्स कल्याणपुर, टीएसएच ब्लास्टर्स आर्यनगर, जेके कैंट स्पार्टन्स और कानपुर प्राइम इंडियंस गोविंदनगर शामिल हैं. सचिव कौशल कुमार सिंह ने बताया कि लीग और नॉक आउट मिलाकर 18 मुकाबले खेले जाएंगे. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले 10 मार्च को खेले जाएंगे जबकि 11 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. फाइनल मुकाबले से पहले यहां पर रंगारंग क्लोजिंग सेरेमनी भी आयोजित होगी.

सीएम योगी को भी दिया गया निमंत्रण
केपीएल के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आ सकते हैं. इसको लेकर केपीएल चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने एक दिन पहले लखनऊ जाकर सीएम योगी को निमंत्रण भी दिया है. सीएम योगी ने भी जिला स्तर पर आयोजित हो रही कानपुर प्रीमियर लीग की सराहना की है.

